बुरा ना मानो …

बुरा ना मानो

नमस्कार,

देखो मैं आ गया। जोमैटो वाले भैया से भी ज्यादा कातिलाना स्माइल ले आपके समुख। वैसे मुख थोड़ा दूर ही रखते है। क्युकी आज कल चारो ओर वो फैला हुआ है ना। समझ गए ना.. अरे वही जिसके आते ही सभी को खांसी वाली कॉलर ट्यून मिल गयी है एक दम मुफ्त। यकीन नहीं आता तो फ़ोन मिलाइये। ऐसी जबरदस्त खांसी सुनने को मिलेगी की आप भी ग्लायकोडिन के दो चम्मच गटक जायेंगे।

वैसे साहब हम भारतीय भी अपनी मानसिकता बदल नहीं पाते। अब देखिये ना, सरकार कह-कह के थक गयी की भईया अपने आस-पास फैली हुई गन्दगी साफ़ करो ना, परन्तु मज़ाल है की देश में दिल्ली को छोड़ के किसी ने झाड़ू का महत्त्व समझा हो। और एक बार चीन ने करो-ना बोल दिया तो जुट गए सब स्वच्छ भारत अभियान में। चलिए कारण चाहे जो हो परन्तु उसी बहाने सफाई तो हो रही है।

बाकी सब तो ठीक है परन्तु हमारे प्यारे उत्तर प्रदेश की भोली जनता को थोड़ी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। जहां पूरा देश अपने मुँह पर मास्क पहन के घूम रहा है वही यहाँ के लोग इस बात से परेशान है की मास्क पहन के गुटखा कैसे खाये? और खा भी लिया तो थूकें कैसे? यहाँ का हिसाब किताब कुछ अलग ही चलता है। और हो भी क्यों ना, जिस मिट्टी से रघुनन्दन श्री राम, बांके बिहारी श्री कृष्ण और महादेव शिव जुड़े हो वहां के लोग कुछ तो अलग होंगे ही न।

अरे इन सब बातो में एक बात तो रह ही गयी। अरे भैया होली है, प्रभु से प्रार्थना है की आप सभी को अच्छा स्वास्थ प्रदान करे। और आप सभी से निवेदन है कि रंगो के इस पर्व पर काले रंग से परहेज करे तन पे भी और मन पे भी।

Comments

Comments are closed.